समाचार:
(संतोष कश्यप ब्यूरो बलरामपुर। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर और सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा के मार्गदर्शन में बलरामपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। थाना सामरीपाठ क्षेत्र के चुनचुना, चरहू, भीतर चरहू, भूताही, पीपरढाबा और पुन्दाग गांवों में पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर अवैध रूप से घरों में छिपाकर रखी गई 37 नग देशी भरमार बंदूकें जब्त की हैं।

इन गांवों को पहले नक्सल प्रभावित क्षेत्र के रूप में जाना जाता था, लेकिन अब ये क्षेत्र नक्सल मुक्त घोषित हैं। शासन की योजनाएं इन गांवों में सक्रिय रूप से पहुंचाई जा रही हैं और ग्रामीणों को प्रशासनिक मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। इसी भरोसे के चलते 22 जुलाई को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ ग्रामीण वर्षों से अवैध बंदूकें अपने पास रखे हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक को सूचना देने के बाद थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह और टीम ने गांवों में कैम्प किया और सूचना के सत्यापन के बाद दबिश दी। इस दौरान चुनचुना से 14, चरहू से 8, भूताही से 8, पीपरढाबा से 3, भीतर चरहू से 2 और पुन्दाग से 2 बंदूकें जब्त की गईं। सभी मामलों में धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे खेत की रखवाली और जंगली जानवरों से बचाव के लिए ये बंदूकें रखते थे। पुलिस द्वारा पूछताछ में यह भी सामने आया कि इन भरमार बंदूकों की आपूर्ति कहां से हुई, इसकी जांच अभी जारी है।
जब्त की गई बंदूकें रखने वाले 37 आरोपियों में प्रमुख नाम इस प्रकार हैं:
जिब्राईल अंसारी, सददाम अंसारी, इसराफिल अंसारी, गणेश नगेसिया, शेरू नगेसिया, सुमित नगेसिया, कमलेश नगेसिया, जोखन नगेसिया, मंगरू नगेसिया, हमजद अंसारी, गुलाम सादिक उर्फ जोगन, इसराईल अंसारी, मिश्रा नगेसिया, शनिचरा नगेसिया, पूरन नगेसिया, मुखलाल कोरवा, मुस्लिम अंसारी, नेजामुद्दीन अंसारी, सईब अंसारी, कमील अंसारी, असीद अंसारी, सहादत अंसारी, तबारक अंसारी, भोला कोरवा, विनोद नगेसिया, राजेन्द्र नगेसिया, शत्रु नगेसिया, करीवा कोरखा, बीरू कोखा, टीमन कोरखा, लोकवा कोरवा, प्रदीप कोरवा, शंभू कोरवा, उदयशंकर, सीमन कोरवा, दिनेश कोरखा और गणेश सिंह।
इस पूरी कार्रवाई को पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों के सहयोग से शांतिपूर्ण ढंग से अंजाम दिया। इससे यह साबित होता है कि अब ग्रामीण अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ प्रशासन के साथ खड़े हो रहे हैं।