पहल अभियान का भव्य शुभारंभ: नशा मुक्ति, यातायात सुरक्षा और साइबर अपराध से जागरूकता के लिए मुंगेली पुलिस की अभिनव पहल



मुंगेली, 16 जून 2025।
मुंगेली पुलिस द्वारा समाज हित में शुरू किए गए विशेष जागरूकता अभियान “पहल” का शुभारंभ आज वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान अभियान से संबंधित बुकलेट, पोस्टर और बैनर का विमोचन किया गया।

इस अवसर पर केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू, छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक, मुंगेली कलेक्टर श्री कुंदन कुमार, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल, सहित कई गणमान्य नागरिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।



“पहल” अभियान का उद्देश्य:
पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन में इस अभियान की रूपरेखा तैयार की गई है। इसका उद्देश्य एक ही मंच पर सामुदायिक पुलिसिंग के सभी प्रयासों को एकीकृत करना है, जिसमें मुख्य रूप से तीन विषयों पर फोकस किया गया है:

1. नशा मुक्ति:
समाज में फैल रहे नशे की लत को समाप्त करने के लिए जागरूकता फैलाना। इसके अंतर्गत स्कूल, कॉलेज, सार्वजनिक स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को नशे के दुष्प्रभाव बताए जाएंगे। नशामुक्ति के लिए सामाजिक संगठनों की मदद भी ली जाएगी।


2. यातायात सुरक्षा:
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु नागरिकों को ट्रैफिक नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसमें हेलमेट व सीट बेल्ट का उपयोग, स्पीड लिमिट का पालन, और मालवाहक वाहनों पर सवारी न बैठाने जैसी महत्वपूर्ण जानकारियों पर बल दिया जाएगा।




3. साइबर अपराध से बचाव:
आम लोगों को ऑनलाइन फ्रॉड से बचाने हेतु जागरूक किया जाएगा। अभियान के दौरान बताया जाएगा कि कैसे अनजान कॉल, मैसेज, ई-मेल और लिंक से सावधानी बरती जाए। किसी भी ऑनलाइन धोखाधड़ी की स्थिति में 1930 नंबर पर कॉल कर नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCCRP) पर शिकायत करने की जानकारी भी दी जाएगी।





पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने बताया कि “पहल” एक सतत अभियान रहेगा, जिसे पूरे मुंगेली जिले में चरणबद्ध रूप से चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य केवल कानून का पालन कराना नहीं बल्कि समाज में सुरक्षा और जागरूकता की भावना को बढ़ाना है।

मुंगेली पुलिस का यह अभिनव प्रयास निश्चित रूप से समाज को अधिक सुरक्षित, जागरूक और जिम्मेदार बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *