मुंगेली _सौर ऊर्जा से बदल रही आम लोगों की जिंदगी
मुंगेली में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। इसी के तहत महाराणा प्रताप वार्ड निवासी बलीदास टंडन के घर की छत पर 03 किलोवाट का रूफटॉप सोलर प्लांट सफलतापूर्वक स्थापित किया गया, जिससे अब उनके घर की बिजली जरूरतें पूरी तरह सौर ऊर्जा से पूरी हो रही हैं।
बिजली बिल से मिली बड़ी राहत
सोलर प्लांट लगने के बाद अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजी जा रही है और नेट मीटरिंग प्रणाली के माध्यम से इसका आर्थिक लाभ भी श्री टंडन को मिलेगा। उन्होंने बताया कि पहले हर माह भारी बिजली बिल चुकाना पड़ता था, लेकिन अब सोलर सिस्टम लगने से महंगे बिलों से पूरी तरह राहत मिल गई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए इसे जनहित में प्रभावी योजना बताया।

योजना के तहत सब्सिडी और अन्य लाभ
पीएम सूर्यघर योजना के तहत 01 से 03 किलोवाट तक के रूफटॉप सोलर सिस्टम पर केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा 30 हजार से 1 लाख 08 हजार रुपये तक की सब्सिडी प्रदान की जा रही है। ऑन-ग्रिड सिस्टम के जरिए अतिरिक्त बिजली सीधे ग्रिड को भेजी जाती है, जिससे बिजली बिल स्वाभाविक रूप से कम हो जाता है। बैंक वित्त सुविधा और आसान किश्तों के चलते आम नागरिकों के लिए इस योजना का लाभ उठाना और आसान हो गया है।
पर्यावरण और आर्थिक बचत का सशक्त माध्यम
यह योजना स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, आर्थिक बचत और सतत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। जिले में तेजी से बढ़ रही सौर ऊर्जा अपनाने की पहल भविष्य के लिए एक सकारात्मक संकेत दे रही है।