पीएम आवास व मनरेगा घोटाले में दो गिरफ्तार

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मनरेगा के क्रियान्वयन में वित्तीय अनियमितताओं के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। ग्राम पंचायत हरिगवां के पंचायत सचिव और रोजगार सहायक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

गिरफ्तार आरोपियों में जान टोप्पो (39) निवासी ग्राम अमेरा और संजय दास (40) निवासी मनकेपी शामिल हैं। यह कार्रवाई जनपद पंचायत शंकरगढ़ के सीईओ वेदप्रकाश पांडे की रिपोर्ट के आधार पर की गई।

रिपोर्ट के अनुसार, आरोपियों द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हितग्राहियों के अधूरे मकानों का फर्जी जियो टैग कर राशि उनके खातों में स्थानांतरित कराई गई और अंगूठा लगवाकर राशि का गबन किया गया। इसके अलावा फर्जी मास्टर रोल के माध्यम से मनरेगा मजदूरी की राशि भी विभिन्न खातों में ट्रांसफर की गई।

जांच में पाया गया कि ग्राम पंचायत हरिगवां में 26 आवास पूर्ण और 47 आवास प्रगतिरत हैं, लेकिन कई अपूर्ण आवासों को पूर्ण दर्शाकर राशि आहरित की गई। आरोपियों द्वारा 7 हितग्राहियों के खातों से 9,05,000 रुपए तथा मनरेगा मजदूरी के 1,00,881 रुपए, कुल 10,05,881 रुपए का गबन किया गया।

मामले में कुछ हितग्राहियों के नाम पर एक से अधिक आवास स्वीकृत कर राशि निकासी, अप्रारंभ आवासों पर भुगतान, तथा ओटीपी के माध्यम से राशि अपने खाते में स्थानांतरित करने जैसी अनियमितताएं सामने आई हैं।

शंकरगढ़ पुलिस ने अपराध क्रमांक 37/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *