रायपुर, छत्तीसगढ़ — रायपुर स्थित मंत्रालय में उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा की अध्यक्षता में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की दो दिवसीय समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए कई अहम दिशा-निर्देश दिए गए।

उपमुख्यमंत्री ने महिला स्व-सहायता समूहों को आजीविका से जोड़ने, आत्मसमर्पित नक्सलियों को आयमूलक गतिविधियों में सम्मिलित करने तथा स्थानीय उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने के लिए ठोस प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण परिवारों के जीवन में वास्तविक बदलाव लाने की दिशा में समग्र कार्य योजना बनानी होगी।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयसीमा का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने पर बल देते हुए उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जल संरक्षण को लेकर चल रहे “मोरे गांव मोरे पानी” अभियान की सराहना करते हुए इसे और तेज़ गति से चलाने के निर्देश दिए गए।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की प्रगति पर चर्चा करते हुए उपमुख्यमंत्री ने सभी स्वीकृत आवासों को समय पर पूर्ण करने, पात्र हितग्राहियों को प्राथमिकता देने और धीमी प्रगति वाले जिलों की निगरानी राज्य स्तर से करने के निर्देश दिए।
बैठक में विभागीय सचिव, आयुक्त, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायतों के सीईओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।