“नशे से दूरी है जरूरी” अभियान के तहत रीवा में युवाओं को दिलाई गई नशा मुक्ति की शपथ
रीवा, 20 जुलाई 2025:
अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय, रीवा के 58वें स्थापना दिवस के अवसर पर “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के प्रभारी मंत्री श्री प्रह्लाद पटेल ने स्वयं उपस्थित होकर विद्यार्थियों और शिक्षकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई।
श्री पटेल ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, “देश को मजबूत बनाने से पहले खुद को मजबूत बनाना जरूरी है और इसकी शुरुआत नशे से दूर रहकर एक स्वस्थ जीवन अपनाने से होती है।” उन्होंने नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए समाज को इससे मुक्त करने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर रीवा संभाग के उप पुलिस महानिरीक्षक श्री राजेश सिंह चंदेल, पुलिस अधीक्षक श्री विवेक सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक ऋतू उपाध्याय, विश्वविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक संगठनों के सदस्य एवं स्थानीय नागरिकों ने भी भाग लिया।
जनजागरूकता अभियान: मानव श्रृंखला बनाकर दिया नशामुक्ति का संदेश
इसी क्रम में दिनांक 20 जुलाई को रीवा जिले के सभी थानों में प्रभारी अधिकारियों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थलों पर मानव श्रृंखला बनाकर नशे के दुष्परिणामों के प्रति जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को नशा न करने की शपथ दिलाई गई और उन्हें बताया गया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं बल्कि उसके परिवार और समाज पर भी गहरा नकारात्मक प्रभाव डालता है।
शहर के विभिन्न स्थानों पर जागरूकता पोस्टर लगाए गए तथा स्कूली बच्चों, युवाओं और नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी की। इससे समाज में एक सकारात्मक संदेश गया और नशा मुक्ति को लेकर सामाजिक सहभागिता का उत्साह देखने को मिला।
रीवा पुलिस की अपील:
रीवा पुलिस ने समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें। यह अभियान एक स्वस्थ, समृद्ध और नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक सशक्त प्रयास है। पुलिस प्रशासन और मीडिया से भी आग्रह किया गया कि वे इस संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाएं।