रायपुर, 29 मार्च 2026। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के बोड़ला क्षेत्र में 8.10 करोड़ रुपए की लागत से सिंचाई परियोजना के तहत नहर लाइनिंग कार्य का शुभारंभ किया। यह कार्य छीरपानी जलाशय से जुड़ी राम्हेपुर वितरक नहर एवं उससे संबद्ध माइनर नहरों पर किया जाएगा।
इस परियोजना के पूर्ण होने पर कुल 1540 एकड़ क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इससे 6 गांवों के 800 से अधिक किसानों को सीधा लाभ मिलने की जानकारी दी गई है। वर्तमान में लगभग 1045 एकड़ क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध है, जिसमें 495 एकड़ की अतिरिक्त वृद्धि होगी।

परियोजना के अंतर्गत लगभग 13.65 किलोमीटर लंबाई की नहरों का सीसी लाइनिंग एवं जीर्णोद्धार कार्य किया जाएगा। इसमें राम्हेपुर वितरक नहर, सिल्हाटी माइनर-1 और 2, बघरा माइनर तथा राम्हेपुर टेल माइनर शामिल हैं। नहरों के सुदृढ़ीकरण से जल अपव्यय में कमी आएगी और अंतिम छोर तक पानी पहुंच सकेगा।
उप मुख्यमंत्री ने ग्राम सारंगपुर में 41 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड निर्माण और मुख्य चौक पर डोम निर्माण की घोषणा भी की।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और जनसहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इस योजना से मानिकपुर, सिल्हाटी, बघर्रा, सारंगपुर कला, सिंधनुपरी और राम्हेपुर कला ग्रामों के किसान लाभान्वित होंगे।