जिला बलरामपुर-रामानुजगंज के थाना चांदो पुलिस ने तीन बैलों को झारखंड ले जा रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में अपराध क्रमांक 05/2026 दर्ज किया गया है।
थाना प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम नावाडीह कला पियारटोली मार्ग से दो व्यक्ति तीन बैलों को क्रूरता पूर्वक मारते-पीटते हुए झारखंड बॉर्डर स्थित बूचड़खाने की ओर ले जा रहे हैं। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर उनके निर्देशानुसार पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

ग्राम नावाडीह कला पियारटोली के मुख्य मार्ग पर पुलिस ने घेराबंदी कर दो व्यक्तियों को तीन बैलों के साथ हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम सुरेंद्र काशी निवासी धनजी तथा कपिल देव निवासी ग्राम करचा, थाना चांदो बताया।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध मवेशी तस्करी पाए जाने पर थाना चांदो में छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।