मतदाता सूची प्रकाशन पर राजनीतिक दलों की बैठक आयोजित

बलरामपुर, 23 दिसंबर 2025। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन को लेकर संयुक्त जिला कार्यालय में विभिन्न राजनीतिक दलों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी चेतन बोरघरिया ने जिले में संपादित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की विस्तृत जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी।

उन्होंने बताया कि एसआईआर कार्यक्रम के तहत प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची 23 दिसंबर 2025 को प्रकाशित कर दी गई है। इस अवसर पर सभी राजनीतिक दलों को बूथवार मुद्रित एवं डिजिटल प्रारूप में मतदाता सूची की प्रतियां उपलब्ध कराई गईं।

22 जनवरी तक दावा-आपत्ति का अवसर

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि मतदाता सूची से संबंधित दावा एवं आपत्ति 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक प्रस्तुत की जा सकती है। इस अवधि में पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा अपात्र नाम हटाने के लिए आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी 2026 को किया जाएगा।

युवाओं को मतदाता सूची में जोड़ने पर जोर

बताया गया कि जिन नागरिकों की आयु 1 जनवरी 2026 को या उससे पहले 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, अथवा 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की हो जाएगी, उन्हें घोषणा पत्र सहित फार्म-6 के माध्यम से आवेदन करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। सभी योग्य युवा मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए विशेष शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 18 दिसंबर 2025 तक जिले में कुल 4 लाख 49 हजार 731 मतदाताओं में से 4 लाख 15 हजार 289 मतदाताओं ने अपने गणना पत्रक जमा किए हैं, जो एसआईआर के प्रथम चरण में व्यापक सहभागिता को दर्शाता है। यह सफलता 2 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 9 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा 683 मतदान केंद्रों पर तैनात बीएलओ के समन्वित प्रयासों का परिणाम है।

बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *