मतदाता सूची पुनरीक्षण पर कलेक्टर की सख्त समीक्षा बैठक

मुंगेली, 08 दिसंबर 2025 // जिले में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य की समीक्षा हेतु कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुन्दन कुमार ने संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में सभी ईआरओ, एईआरओ, सेक्टर अधिकारी और अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने तीनों विकासखण्डों में चल रहे पुनरीक्षण कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। ए, बी और सी कैटेगरी के मतदाताओं की स्थिति, प्रगति और चुनौतियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने विशेष रूप से कैटेगरी सी की प्रविष्टियों पर अधिक ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बीएलओ टीमें कैटेगरी सी मतदाताओं का सत्यापन प्राथमिकता में कर अभियान को समयबद्ध और त्रुटिरहित रूप से पूरा करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कलेक्टर ने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण अत्यंत संवेदनशील प्रक्रिया है, इसलिए घर-घर सत्यापन, भौतिक मिलान, मृत और स्थानांतरित मतदाताओं की पहचान, तथा पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने का कार्य पूर्ण पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक प्रक्रिया की नींव है और किसी भी पात्र नागरिक का नाम सूची से न छूटे।

बैठक में बीएलओ द्वारा फॉर्म 06 संग्रहण और अपलोडिंग, कैटेगरी सी मतदाताओं का सत्यापन, डीएसई मतदाताओं की पुष्टि, गणनापत्रक अपलोड करने और दावा-आपत्ति निराकरण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। मतदान केंद्रवार सूची का मिलान करने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के नवीन दिशा-निर्देशों से अवगत कराया।

बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पाण्डेय, एसडीएम मुंगेली अजय शतरंज, एसडीएम पथरिया रेखा चंद्रा, एसडीएम लोरमी अजीत पुजारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *