मुंगेली। कलेक्टर कुंदन कुमार ने शनिवार को जिला कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी कक्ष में मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की प्रगति की समीक्षा बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ली। बैठक में जिले के सभी आरओ, एआरओ, नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ), सीईओ सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रिया की नींव है, इसलिए इसे गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न किया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करें।
समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने मुंगेली नगर पालिका, पथरिया नगर पंचायत, जरहागांव और बरेला नगर पंचायत की प्रगति को संतोषजनक नहीं पाया। इस पर उन्होंने संबंधित मुख्य नगरपालिका अधिकारियों — मुंगेली सीएमओ होरी सिंह ठाकुर, पथरिया सीएमओ अनुराधा राममनी, जरहागांव सीएमओ सुरेश गुप्ता और बरेला सीएमओ नरेश महीश — को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि गणना पत्रक वितरण और फॉर्म प्रविष्टि के कार्य को प्राथमिकता दी जाए ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। उन्होंने एस.आई.आर. की प्रगति रिपोर्ट निर्धारित फॉर्मेट में नियमित रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए और कहा कि दैनिक समीक्षा की जाएगी। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।