मुंगेली में मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान ‘मिशन 90 प्लस’ अंतर्गत प्रेरणा से परिवर्तन कार्यक्रम का आयोजन जनदर्शन हॉल में किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 10वीं, 11वीं एवं 12वीं के डी और ई ग्रेडिंग वाले विद्यार्थियों को परीक्षा तैयारी हेतु मार्गदर्शन दिया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाना, परीक्षा भय दूर करना और बेहतर परिणाम के लिए प्रेरित करना रहा। विद्यार्थियों ने टाइम टेबल, ध्यान केंद्रित रखने, नकारात्मकता से दूर रहने, प्रतिशत और ज्ञान के महत्व जैसे विषयों पर प्रश्न पूछे, जिन पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

विद्यार्थियों ने परीक्षा तनाव, पढ़ाई के बाद भूलने की समस्या, उत्तर लेखन में घबराहट और कम समय में प्रभावी तैयारी से जुड़े सवाल भी रखे। कक्षा 11वीं की छात्रा मनीषा मनहरण ने स्वयं के नोट्स बनाने के महत्व पर चर्चा करते हुए आगे की पढ़ाई के लिए हॉस्टल सुविधा की मांग रखी।

कुन्दन कुमार और भोजराम पटेल ने विद्यार्थियों को बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में अजय शतरंज, रेखा चंद्रा, रजत दवे, रामशरण यादव, डी.के. सोलंकी सहित अन्य अतिथियों ने भी मार्गदर्शन दिया।
कलेक्टर ने कहा कि बोर्ड परीक्षाएँ जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव हैं और सीमित संसाधनों में बेहतर परिणाम संभव हैं। समय प्रबंधन, नियमित रिवीजन, लेखन अभ्यास और स्वस्थ दिनचर्या अपनाने पर जोर दिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने वैचारिक, भावनात्मक और भौतिक ऊर्जा के संतुलन पर बल देते हुए विद्यार्थियों को तनावमुक्त तैयारी की सलाह दी। शिक्षाविदों ने समय प्रबंधन, नियमित अभ्यास और सकारात्मक दृष्टिकोण पर जोर दिया।

जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि मिशन 90 प्लस के तहत कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर विशेष मार्गदर्शन, अभ्यास और मोटिवेशन दिया जा रहा है। इस वर्ष हाईस्कूल में 11,177 तथा हायर सेकेंडरी में 7,704 परीक्षार्थी शामिल होंगे। विषयवार व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर विषय विशेषज्ञों द्वारा समस्याओं का समाधान और अतिरिक्त कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।