मुंगेली, 19 फरवरी 2026।
मुंगेली जिले के ग्राम कुकुसदा एवं आश्रित ग्राम पडरिया झाप और घटोलीपारा के ग्रामीणों ने मनीयारी बेराज डुबान क्षेत्र के मुआवजा प्रकरण में ठगी और अवैध वसूली का आरोप लगाया है। इस संबंध में ग्रामीणों ने कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, एक व्यक्ति स्वयं को कलेक्टर के निर्देश पर कार्यरत बताकर किसानों के घर-घर पहुंच रहा है और मुआवजा दिलाने का आश्वासन दे रहा है। आरोप है कि वह मुआवजा राशि दिलाने के बदले किसानों से 20 प्रतिशत कमीशन की मांग कर रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले 40 से 50 प्रतिशत तक हिस्सेदारी लेने की बात कही गई थी, और अब 20 प्रतिशत देने का दबाव बनाया जा रहा है। यहां तक कि राशि नहीं देने पर मुआवजा रुकवाने की चेतावनी भी दी जा रही है।
आवेदन में गीताराम साहू और सरीता भारद्वाज (जिन्हें भाजपा नेता बताया गया है) के नाम और मोबाइल नंबर का उल्लेख किया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि दोनों बार-बार गांव में आकर किसानों से संपर्क कर रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में भय और भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
मामले की जानकारी ग्राम पंचायत कुकुसदा के सरपंच जनक राम साहू को भी दे दी गई है। शिकायत पत्र पर बहोरन ध्रुव, राजा राम गोंड, ललित मरकाम, दशरथ जायसवाल, गायत्री देवी गोंड सहित अनेक ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की पारदर्शी जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए तथा किसानों को बिना किसी बिचौलिये के सीधे और पारदर्शी तरीके से मुआवजा राशि प्रदान की जाए।
वहीं, इस संबंध में गीताराम साहू और सरीता भारद्वाज से संपर्क किए जाने पर उन्होंने सभी आरोपों को निराधार और बेबुनियाद बताया है।