बलरामपुर-रामानुजगंज, 20 अगस्त 2025// चौकी वाड्रफनगर, थाना बसंतपुर पुलिस ने मनरेगा कर्मचारियों की ईपीएफ राशि में गबन मामले में तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जनपद पंचायत वाड्रफनगर के तत्कालीन लेखापाल वीरेंद्र कुमार यादव और डाटा एंट्री ऑपरेटर भगवान सिंह पर आरोप था कि जून 2023 से जून 2025 तक कर्मचारियों के ईपीएफ खातों में जमा होने वाली राशि ₹11,26,254 को धोखाधड़ी कर भगवान सिंह की पत्नी अंजू सिंह के बैंक खातों में ट्रांसफर कराया गया। जांच में सामने आया कि अंजू सिंह अपने एटीएम के जरिए इस राशि का आहरण करती थी।

पुलिस ने पूर्व में वीरेंद्र कुमार यादव और भगवान सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा था। विवेचना के दौरान अंजू सिंह की संलिप्तता भी प्रमाणित हुई। महिला आरोपी को आज पूछताछ के बाद विधिवत गिरफ्तार कर माननीय जेएमएफसी न्यायालय वाड्रफनगर में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल अंबिकापुर महिला कारागार भेजा गया।
पूरे प्रकरण में चौकी प्रभारी वाड्रफनगर उपनिरीक्षक धीरेंद्र तिवारी, सहायक उपनिरीक्षक पुष्पराज सिंह, सहायक उपनिरीक्षक कल्पना निकुंज तथा महिला आरक्षक प्रमिला आयाम की विशेष भूमिका रही।