रायगढ़, 08 अक्टूबर 2025 — मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रायगढ़ में आयोजित “सुजलाम भारत – जल संरक्षण एवं संवर्धन कार्यशाला 2025” में शामिल हुए। इस कार्यशाला में जल संरक्षण के महत्व और उसके संरक्षण-संवर्धन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर सार्थक चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार जल संरक्षण को एक जन आंदोलन के रूप में आगे बढ़ा रही है, ताकि राज्य के हर नागरिक को स्वच्छ और पर्याप्त जल उपलब्ध हो सके। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह कार्यशाला जल संवर्धन, संरक्षण और एकत्रीकरण के ठोस उपायों की दिशा में एक प्रभावी पहल सिद्ध होगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने “जल कलश” में रायगढ़ की केलो नदी का जल अर्पित किया और प्रदेश की सभी नदियों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक जल स्रोतों की रक्षा करना ही भविष्य की पीढ़ियों को सुरक्षित पर्यावरण देने की दिशा में सबसे बड़ा कदम है।
