रायपुर, 22 जनवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके नवनियुक्त सलाहकार आर. कृष्णा दास ने सौजन्य मुलाकात की। राज्य शासन द्वारा वरिष्ठ पत्रकार आर. कृष्णा दास को मुख्यमंत्री का सलाहकार नियुक्त किया गया है तथा उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्रदान किया गया है। वे मीडिया सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर मुख्यमंत्री को परामर्श देंगे।
इसी दिन मुख्यमंत्री ने जल संसाधन विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक लेकर सिंचाई परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। आगामी तीन वर्षों में लगभग 10 हजार करोड़ रुपये की लागत से 14 परियोजनाओं के पूर्ण होने से 70 हजार हेक्टेयर अतिरिक्त क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।

मुख्यमंत्री ने रायपुर में राडा ऑटो एक्सपो-2026 का शुभारंभ करते हुए 20 जनवरी से 5 फरवरी तक वाहनों की बिक्री पर लाइफटाइम रोड टैक्स में 50 प्रतिशत छूट की जानकारी दी और ट्रैफिक नियमों के पालन की अपील की। पहले दिन ही लगभग 2000 वाहनों का पंजीयन हुआ।
नवा रायपुर को हेल्थकेयर हब बनाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि के तहत बॉम्बे हॉस्पिटल के साथ 15 एकड़ भूमि का लीज एग्रीमेंट हुआ। करीब 680 करोड़ रुपये की लागत से 300 बिस्तरों का सुपर स्पेशलिटी अस्पताल बनेगा, जिससे 500 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने खनिज साधन विभाग की समीक्षा बैठक में पारदर्शिता, समय पर भुगतान और स्थानीय रोजगार बढ़ाने पर जोर दिया। वित्तीय वर्ष 2024-25 में 14,592 करोड़ रुपये का राजस्व संग्रह होने की जानकारी दी गई।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें शिक्षकों की कमी को गंभीर मानते हुए 5000 पदों पर भर्ती प्रक्रिया तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए गए। यह भर्ती व्यापमं के माध्यम से की जाएगी और फरवरी 2026 तक विज्ञापन जारी होगा। साथ ही शिक्षक भर्ती परीक्षा–2023 की प्रतीक्षा सूची की अवधि न बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
इसी दिन मुख्यमंत्री ने रायपुर साहित्य उत्सव 2026 के एंथम सॉन्ग का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह आयोजन राज्य की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त करेगा और नई पीढ़ी को साहित्य से जोड़ेगा।
मुख्यमंत्री साय ने बलौदा बाजार जिले में स्पंज आयरन फैक्ट्री हादसे में छह श्रमिकों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया और घायलों के समुचित उपचार व घटना की जांच के निर्देश दिए। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के डोडा में सेना वाहन दुर्घटना में शहीद 10 जवानों के प्रति भी मुख्यमंत्री ने संवेदना प्रकट की और परिजनों के प्रति अपनी संवेदनशीलता व्यक्त की।