मुंगेली, 02 मार्च 2026। विकासखंड लोरमी के ग्राम महरपुर स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मछुआ सहकारी समिति के सदस्यों को मत्स्य पालन से आजीविका का सहारा मिला है। समिति द्वारा पट्टे पर प्राप्त भरत सागर एवं गब्दा जलाशय में वैज्ञानिक पद्धति से मत्स्य पालन किया जा रहा है।

करीब 96 हेक्टेयर जलक्षेत्र में फैले इन जलाशयों में भारतीय मेजरकार्प और स्थानीय प्रजातियों का संतुलित संवर्धन किया जा रहा है। विभागीय मार्गदर्शन में 100 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर प्रतिदिवस मत्स्य बीज संचयन का लक्ष्य अपनाया गया, जिससे उत्पादन में वृद्धि दर्ज की गई।
समिति को वर्तमान में मत्स्य पालन से प्रतिवर्ष लगभग 1 लाख 50 हजार रुपये से अधिक की आय प्राप्त हो रही है। समिति के अध्यक्ष दिनेश धीवर के नेतृत्व में 40 से अधिक सदस्य संगठित रूप से कार्य कर रहे हैं।
मत्स्य विभाग द्वारा समय-समय पर प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन और योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाती है। 50 प्रतिशत अनुदान पर मत्स्य बीज संचयन, नियमित निगरानी और आहार प्रबंधन से उत्पादन में सुधार हुआ है।
समिति द्वारा उत्पादित मछलियों की स्थानीय बाजार में मांग है। प्रतिदिन औसतन 100 किलोग्राम मछली विक्रय की जा रही है, जिससे आय के साथ क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी सृजित हुए हैं।