मुंगेली, 09 मार्च 2026। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के निर्देशानुसार प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिजा देवी मेरावी के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुंगेली द्वारा विधिक जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। शिविर में महिलाओं को उनके अधिकारों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।

प्राधिकरण की सचिव कंचनलता आचला ने बताया कि प्रेस क्लब मुंगेली में आयोजित शिविर में पैरालीगल वालंटियर धर्मेंद्र शर्मा ने महिलाओं को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और समाज में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में बताया गया कि हर वर्ष 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं की उपलब्धियों और योगदान को सम्मान देने के लिए मनाया जाता है।

कार्यक्रम में महिलाओं के अधिकार, समानता और सशक्तिकरण के महत्व पर चर्चा की गई। साथ ही 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत के बारे में जानकारी देकर लोगों को इसका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी भी दी गई।
इसी क्रम में थाना जरहागांव अंतर्गत ग्राम छतौना में महिला एवं बाल विकास विभाग के समन्वय से विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी संजुला शर्मा, लीगल एड डिफेंस काउंसिल द्रोपदी कश्यप और पीएलवी गौतम चंद सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
शिविर में ग्रामीण महिलाओं को घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम, दहेज प्रतिषेध कानून, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से सुरक्षा, महिला हेल्पलाइन नंबर, शिकायत प्रक्रिया और बाल विवाह प्रतिषेध कानून के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही नेशनल लोक अदालत के लाभ और उसमें मामलों के त्वरित निराकरण की प्रक्रिया के बारे में बताया गया।