मुंगेली। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में मुंगेली पुलिस द्वारा चलाया जा रहा ‘पहल’ अभियान लगातार प्रभावशाली साबित हो रहा है। इसी क्रम में जिले के 11 विद्यालयों में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में कुल 3,545 विद्यार्थी एवं शिक्षक शामिल हुए।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइबर अपराध, महिलाओं से संबंधित अपराध, नशामुक्ति और यातायात नियमों के पालन जैसे अहम विषयों पर जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें अपने लक्ष्य निर्धारण और प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे वे अपने व्यक्तित्व और भविष्य को संवार सकें।
अभियान के तहत छात्रों को बताया गया कि साइबर अपराध से कैसे सतर्क रहना चाहिए, यातायात नियमों का पालन क्यों जरूरी है, नशे से कैसे बचा जा सकता है और बच्चों एवं महिलाओं के प्रति अपराधों को कैसे रोका जाए। कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों को समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाना है।

इस मौके पर पुलिस बालमित्र रोशना डेविड, सभी विद्यालयों के प्राचार्य व शिक्षकगण के साथ पुलिस विभाग के अधिकारी व कर्मचारी – शत्रुहन खुंटे, भुवन चतुर्वेदी, बतीता श्रीवास, जितेन्द्र राजपूत और प्रवीण मिश्रा भी मौजूद रहे।
