मुंगेली, 31 मार्च 2026। जिले में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से जनपद पंचायत सभाकक्ष, मुंगेली में “उद्योग एवं बैंकर कनेक्ट कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा RAMP योजना के अंतर्गत आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जिले के MSME उद्यमियों, महिला उद्यमियों, स्टार्टअप हितग्राहियों तथा पीएमएफएमई और पीएमईजीपी योजनाओं से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया। भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक सहित विभिन्न बैंकों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैंक अधिकारियों ने उद्यमियों को विभिन्न वित्तीय योजनाओं, ऋण सुविधाओं, मुद्रा योजना, CGTMSE तथा अन्य बैंकिंग सहायता योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान उद्यमियों को बैंक अधिकारियों से सीधे संवाद का अवसर मिला, जिसमें उन्होंने व्यवसाय से संबंधित समस्याओं, ऋण प्रक्रिया की कठिनाइयों और विस्तार योजनाओं पर चर्चा की।
अधिकारियों द्वारा उद्यमियों की समस्याओं का समाधान करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही कई ऋण प्रस्तावों पर मौके पर ही प्रारंभिक कार्यवाही शुरू की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक किशोर सिंह राजपूत ने कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रम MSME क्षेत्र को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में अग्रणी जिला प्रबंधक, विभिन्न विभागों के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि, औद्योगिक संगठन और स्थानीय उद्यमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।