मुंगेली, 28 जनवरी 2026। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा जिले में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस टीम द्वारा यह अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों एवं स्कूली बच्चों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।

अभियान के दौरान ग्राम दाबो स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय, हाई स्कूल बांकी, लालपुर, करही तथा मुंगेली शहर के विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही शहर के चौक-चौराहों, प्रमुख स्थानों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के हाट-बाजारों में नुक्कड़ सभा एवं नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।
जागरूकता कार्यक्रम के तहत बैनर-पोस्टर लगाए गए तथा पाम्पलेट का वितरण किया गया, जिसमें स्कूली बच्चों एवं आम नागरिकों ने भाग लिया और यातायात नियमों के पालन के प्रति सहमति व्यक्त की।

इसी क्रम में 28 जनवरी 2026 को श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम मुंगेली में स्वामी आत्मानंद हिन्दी एवं अंग्रेजी माध्यम स्कूल, विवेकानंद स्कूल एवं सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल के विद्यार्थियों के लिए यातायात विषयक रंगोली, चित्रकला, स्लोगन एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का निरीक्षण थाना प्रभारी सिटी कोतवाली कार्तिकेश्वर जांगड़े द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जेबरा क्रॉसिंग के उपयोग, ट्रैफिक सिग्नल का पालन, बिना लाइसेंस वाहन न चलाने, शराब सेवन कर वाहन न चलाने एवं हेलमेट पहनने की अनिवार्यता पर विशेष बल दिया गया।
उक्त जागरूकता कार्यक्रम में यातायात प्रभारी उप निरीक्षक महेश मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक यशवंत सिंह राजपूत, आरक्षक दिनेश मरावी, सीताराम बर्मन, चंद्रभूषण राजपूत, रोशन साहू एवं अजीत परिहार की सक्रिय भूमिका रही।