मुंगेली। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का समापन कार्यक्रम जनदर्शन सभा कक्ष, कलेक्ट्रेट मुंगेली में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन यातायात पुलिस टीम द्वारा किया गया।
समापन कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और मयंक तिवारी, डिप्टी कलेक्टर मायानंद चंद्रा तथा उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह उपस्थित रहे।


राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत 1 जनवरी से 31 जनवरी तक जिले के स्कूलों, कॉलेजों, चौक-चौराहों, कस्बों और ग्रामीण हाट-बाजारों में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से नुक्कड़ सभा, नाटक, बैनर, पोस्टर और पाम्पलेट वितरण कर आमजन और विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई।
इस दौरान स्कूली बच्चों द्वारा सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा के नारे के साथ रैली निकाली गई, जिससे शहर में जागरूकता का संदेश प्रसारित हुआ।
श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम मुंगेली में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों के बीच यातायात संबंधी रंगोली, चित्रकला, स्लोगन और निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए गए तथा सभी बच्चों को कॉपी और पेन दिए गए।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों और वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया गया। समापन अवसर पर हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, नशे और मोबाइल फोन के उपयोग से बचने तथा यातायात संकेतों के पालन की अपील की गई।