मुंगेली, 02 जनवरी 2026।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मुंगेली पुलिस ने 37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का शुभारंभ किया। “सड़क सुरक्षा से जीवन रक्षा” के संकल्प के साथ आयोजित इस अभियान की शुरुआत 1 जनवरी को की गई।

पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में स्वामी आत्मानंद बी.आर. साव स्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं, नागरिकों और विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का उद्देश्य “सुरक्षित मुंगेली” की अवधारणा को मजबूत करना रहा।

हेलमेट और सीटबेल्ट पर दिया गया जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं केवल आंकड़े नहीं होतीं, बल्कि इससे पूरे परिवार प्रभावित होते हैं। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों को आईएसआई मार्क हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों को सीटबेल्ट के अनिवार्य उपयोग की अपील की। नशे में वाहन चलाने और तेज रफ्तार से बचने का संदेश भी दिया गया।
उन्होंने मंच से उपस्थित छात्र-छात्राओं, युवाओं और वाहन चालकों को सामूहिक रूप से यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई।
माहभर चलेगा जागरूकता अभियान
रक्षित निरीक्षक नरगिस तिग्गा ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान जिलेभर में सघन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत हाट-बाजारों में नुक्कड़ नाटक, व्यावसायिक चालकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य व नेत्र परीक्षण शिविर, स्कूल-कॉलेजों में यातायात कार्यशालाएं तथा लाइसेंस के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
हेलमेट रैली से दिया सुरक्षा संदेश
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल और जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय ने संयुक्त रूप से बाइक हेलमेट रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से शहर में सुरक्षित ड्राइविंग और सड़क सुरक्षा का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर एसडीओपी मयंक तिवारी, डीएसपी नवनीत पाटिल, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली कार्तिकेश्वर जांगड़े, थाना फास्टरपुर प्रभारी गिरजाशंकर यादव सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, एनसीसी, स्काउट-गाइड के छात्र और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
Tags: राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह, मुंगेली पुलिस, सड़क सुरक्षा अभियान, हेलमेट रैली, यातायात नियम, सुरक्षित ड्राइविंग, छत्तीसगढ़ पुलिस, सड़क दुर्घटना रोकथाम
