मुंगेली। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन बाज के तहत सट्टा पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना चिल्फी पुलिस ने पथर्रा निवासी संजय उर्फ संजु साहू को आम जनता को लालच देकर मोबाइल व कागज पर सट्टा पट्टी लिखते हुए गिरफ्तार किया है।
आरोपी से 60,700 रुपये नगद, सट्टा पट्टी, 01 डॉट पेन, तथा वॉट्सऐप में सट्टा संबंधी चैट पाए गए दो मोबाइल जब्त किए गए हैं। आरोपी के खिलाफ थाना चिल्फी में अपराध क्र. 174/25 धारा 6 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने जिले के सभी थाना व चौकी प्रभारियों को सट्टा पूरी तरह प्रतिबंधित करने और सतत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जनवरी 2025 से अक्टूबर 2025 तक ऑपरेशन बाज के तहत कुल 38 प्रकरण दर्ज कर 38 सटोरियों से 1,51,210 रुपये तथा सट्टा सामग्री जब्त की गई है।
12 नवंबर को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में चिल्फी थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने ग्राम रैतरा में छापेमारी कर संजय साहू को सट्टा लिखते रंगे हाथ पकड़ा। आरोपी से कुल 75,700 रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की गई और 13 नवंबर को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक रघुवीर चंद्रा, साइबर सेल प्रभारी सुशील बंछोर, सहायक उपनिरीक्षक लव सिंह ध्रुव, प्रधान आरक्षक नरेश यादव, सिद्धेश्वर बंजारे, आरक्षक भेषज पाण्डेकर, गिरीराज, राकेश बंजारे, रवि मिंज और विजय साहू की विशेष भूमिका रही।