समाचार:
मुंगेली। छत्तीसगढ़ प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज, चरणदास महंत, टीएस सिंहदेव, देवेंद्र यादव, उमेश पटेल, जय सिंह अग्रवाल, गिरीश देवांगन, मोहन मरकाम, ताम्रध्वज साहू, शिव डहरिया, रूद्र कुमार, आकाश शर्मा समेत कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने जिले का प्रवास किया। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में उनका भव्य स्वागत किया गया, जहां बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

नेताओं ने नगर के पुराने बस स्टैंड स्थित गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पदयात्रा की शुरुआत की। रैली शहर के मुख्य मार्गों से होती हुई आदर्श कृषि उपज मंडी तक पहुंची। जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। मंच से सचिन पायलट ने बिहार से उठे नारे “वोट चोर गद्दी छोड़” का जिक्र करते हुए कहा कि देश की जनता अपने साथ हुए अन्याय का जवाब मांगेगी और आने वाले समय में इसका प्रतिकार करेगी।

प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने जनता के वोटों की चोरी की है और अब जनता न्याय करेगी। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि आने वाले चुनावों में जनता भाजपा को जवाब देगी। वहीं जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा दिए गए नारे की सच्चाई अब जनता के सामने आ रही है।

प्रवास के दौरान गांधी पुतला, जरहागांव, कलेक्टोरेट, पडाव चौक, मंडी परिसर, बालानी चौक आदि स्थानों पर नेताओं का भव्य स्वागत हुआ। अंत में सचिन पायलट का काफिला बेमेतरा रवाना हुआ। इस दौरान वे जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मी कांत भास्कर के निवास पर भी रुके और उनकी दादी स्वर्गीय सहेला बाई भास्कर को श्रद्धांजलि दी।

इस मौके पर घनश्याम वर्मा, आलोक सिंह, थानेश्वर साहू, संजीत बनर्जी, आत्मा सिंह क्षत्रिय, चंद्रभान बारमते, संजय यादव, अरविंद वैष्णव, लक्ष्मी कांत भास्कर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।