मुंगेली जिले में 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय मुंगेली स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में जिला स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित किया गया।

जिला स्तरीय समारोह में विधायक पुन्नूलाल मोहले मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा जनता के नाम प्रेषित संदेश का वाचन किया और परेड की सलामी ली।
मुख्य अतिथि ने कलेक्टर कुन्दन कुमार और पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के साथ तीन रंगों के गुब्बारों को आकाश में छोड़ा। परेड कमांडर ख्रीष्ट नरगिस तिग्गा बघेल और परेड उप कमांडर कार्तिकेश्वर जांगड़े के नेतृत्व में प्लाटून दलों द्वारा मार्चपास्ट का प्रदर्शन किया गया।

समारोह में विधायक द्वारा जिले के शहीदों को नमन करते हुए उनके परिजनों को शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों और मलखम्ब प्रदर्शन के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं और कार्यक्रमों पर आधारित विभागीय झांकियां प्रस्तुत की गईं। झांकियों में स्वास्थ्य विभाग को प्रथम, पंचायत एवं समाज कल्याण विभाग को द्वितीय तथा पुलिस विभाग को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।

मुख्य अतिथि द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम, झांकी, मार्चपास्ट और परेड में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार, अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर और मयंक तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।