मुंगेली में ईंधन आपूर्ति पूरी तरह सुचारु हेल्पलाइन नंबर जारी

मुंगेली, 30 मार्च 2026। जिले में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की उपलब्धता को लेकर उठ रही आशंकाओं के बीच प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए आपूर्ति व्यवस्था को सामान्य बताया है।

जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कलेक्टर कुन्दन कुमार ने बताया कि जिले में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है। सभी पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों में पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारु रूप से संचालित हो रही है।

उन्होंने जानकारी दी कि जिले में 42 पेट्रोल पंप संचालित हैं, जिनमें वर्तमान में पेट्रोल 4 लाख 33 हजार 800 लीटर और डीजल 4 लाख 15 हजार 700 लीटर उपलब्ध है। साथ ही गैस एजेंसियों में 2 हजार 294 घरेलू गैस सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।

कलेक्टर ने कहा कि आवश्यकतानुसार नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है, जिससे नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और घबराहट में अनावश्यक भंडारण से बचने की अपील की।

कलेक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा आपूर्ति व्यवस्था की सतत निगरानी की जा रही है। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, तथ्यात्मक जानकारी का त्वरित प्रसार और आवश्यकतानुसार कार्रवाई भी सुनिश्चित की जा रही है।

नागरिकों से केवल आवश्यकता अनुसार ईंधन और गैस का उपयोग करने तथा अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करने का आग्रह किया गया है। किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित विभाग या टोल-फ्री 18002333663 एवं कॉल सेंटर के नंबर 9406275513, 9406275514, 9406275534, 9406275535 और 0775529903 पर संपर्क करने की जानकारी दी गई।

बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव सहित मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *