मुंगेली, 8 जुलाई 2025 – आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ACB) बिलासपुर ने मुंगेली जिले के बीएमओ कार्यालय में पदस्थ अकाउंटेंट बृजेश सोनवानी को 54 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ा है।
ग्राम फंदवानी निवासी ललित सोनवानी ने ACB में शिकायत दर्ज कराई थी कि सेवानिवृत्त होने के बाद उसकी ग्रेच्युटी और अन्य भुगतान जारी करने के एवज में बृजेश सोनवानी ने 61 हजार रुपए रिश्वत की मांग की है। शिकायत की प्राथमिक जांच में मामला सही पाया गया और आरोपी ने पहले ही 7 हजार रुपए ले लिए थे।
ACB ने 8 जुलाई को योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप ऑपरेशन चलाया। शिकायतकर्ता को शेष 54 हजार रुपए के साथ तखतपुर स्थित रियांश होटल के पास एक ढाबे में भेजा गया, जहां आरोपी ने जैसे ही रकम ली, ACB टीम ने उसे रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि मुंगेली जिले में पिछले 7 माह में ACB की यह छठवीं बड़ी कार्रवाई है। ACB भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त रवैया अपनाए हुए है और आने वाले समय में अभियान जारी रहने के संकेत दिए हैं।