मुंगेली, 21 अगस्त 2025// आदिवासी विभाग द्वारा संचालित ‘‘आदि कर्मयोगी अभियान’’ के तहत आज कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान का उद्देश्य अनुसूचित जनजातियों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना और शासकीय योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाना है।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने बताया कि जिले के तीनों विकासखण्डों के 35 चिन्हांकित आदिवासी बाहुल्य ग्रामों के 5,498 परिवारों के 22,890 से अधिक जनजातीय नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। प्रत्येक ग्राम में 01-01 ‘‘आदि सेवा केन्द्र’’ (वन-स्टॉप सेवा सेंटर) की स्थापना होगी, जहां योजनाओं की जानकारी, विभागीय संपर्क विवरण और शिकायत निवारण जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी। साथ ही ग्राम विकास योजना भी अभिसरण के माध्यम से तैयार की जाएगी।

जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पांडेय ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य योजनाओं की क्रियान्वयन प्रणाली को मजबूत बनाना है। इसके लिए ‘‘आदि कर्मयोगी, आदि सहयोगी एवं आदि साथी’’ की मदद से जनजातीय गांवों में योजनाओं के क्रिटिकल गेप को चिन्हांकित कर उसका समाधान किया जाएगा।
इस अवसर पर जिले के विभिन्न विभागों से जुड़े जिला एवं ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने ली प्रेसवार्ता
उन्मुखीकरण कार्यक्रम के बाद कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने प्रेसवार्ता कर अभियान की रूपरेखा, जिले में क्रियान्वयन और लक्ष्यों की जानकारी साझा की। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र गुप्ता, संबंधित अधिकारी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे।
