मुंगेली, 18 फरवरी 2026। विष्णुदेव साय ने मंत्रालय महानदी भवन स्थित अपने कार्यालय में सीडीएस परीक्षा में ऑल इंडिया चौथी रैंक प्राप्त करने वाली सुप्रिया सिंह को सम्मानित किया। उन्होंने सुप्रिया और उनके परिजनों को पुष्पगुच्छ भेंटकर बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्पष्ट लक्ष्य और ईमानदार प्रयास से साधारण पृष्ठभूमि का युवा भी उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर सकता है। उन्होंने सुप्रिया की सफलता को राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। इस अवसर पर मुंगेली कलेक्टर कुन्दन कुमार भी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि टेढ़ाधौंरा की 23 वर्षीय सुप्रिया ने सीडीएस परीक्षा में ऑल इंडिया चौथी रैंक प्राप्त कर राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। इसके साथ ही उनका चयन भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर हुआ है।

सुप्रिया किसान परिवार से आती हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा सेंट जोसेफ हायर सेकेंडरी स्कूल से हुई तथा बाद में उन्होंने बी.टेक (इलेक्ट्रॉनिक एंड टेलीकम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की। अध्ययन के दौरान उन्होंने एनसीसी से जुड़कर जूनियर अंडर ऑफिसर पद तक जिम्मेदारी निभाई।

वर्ष 2023 में इंजीनियरिंग पूर्ण करने के बाद उन्होंने सीडीएस परीक्षा की तैयारी की और शॉर्ट सर्विस कमिशन के तहत आयोजित एसएसबी साक्षात्कार में प्रदर्शन के आधार पर चौथी रैंक हासिल की।