मुंगेली, 01 अप्रैल 2026। जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 7 नवीन 108 संजीवनी एक्सप्रेस एम्बुलेंस प्राप्त हुई हैं। इन एम्बुलेंस को जिला कलेक्टोरेट परिसर से विधायक पुन्नूलाल मोहले ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम में बताया गया कि शहरी क्षेत्रों में 15 मिनट और ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट के भीतर एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराने के लक्ष्य के साथ यह पहल की गई है। एम्बुलेंस के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी।

जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय ने बताया कि 2 एम्बुलेंस जिला चिकित्सालय, 1 सेतगंगा, 2 लोरमी क्षेत्र, 1 पथरिया और 1 एम्बुलेंस सरगांव में तैनात की गई है।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर जी.एल. यादव, एसडीएम अजय शतरंज, जनपद पंचायत अध्यक्ष रामकमल सिंह परिहार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी शीला साहा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक गिरीश कुर्रे, डॉ. एम.के. रॉय, दीनानाथ केशरवानी, शैलेष पाठक सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।