मुंगेली जिला की आज की बड़ी खबरें

होली से पहले 1.05 लाख किसानों को 387 करोड़ की सौगात

मुंगेली, 27 फरवरी 2026। जिले के समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को होली से पहले बड़ी आर्थिक राहत मिलने जा रही है। कृषक उन्नति योजना के तहत जिले के 1 लाख 5 हजार से अधिक किसानों के खातों में 387 करोड़ 57 लाख रुपए की अंतर राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी।

28 फरवरी को बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड के ग्राम रहंगी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री किसानों के खातों में 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से अंतर राशि जारी करेंगे।

विकासखंडवार आंकड़ों के अनुसार लोरमी में 40,609 किसानों को 133.11 करोड़, मुंगेली में 37,338 किसानों को 142.92 करोड़ तथा पथरिया में 27,765 किसानों को 111.53 करोड़ रुपए से अधिक की राशि मिलेगी। प्रशासन ने विकासखंड मुख्यालयों में सीधा प्रसारण एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।


मनरेगा से बदली तस्वीर: आजीविका डबरी बनी किसानों के लिए संजीवनी

मुंगेली, 27 फरवरी 2026। लोरमी विकासखंड के ग्राम औराबांधा में मनरेगा के तहत निर्मित “आजीविका डबरी” ने किसान किशन सिंह की आजीविका को नई दिशा दी है। 1.94 लाख रुपए की लागत से बनी डबरी से सिंचाई सुविधा के साथ मछली पालन का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

निर्माण कार्य में 792 मानव दिवस सृजित हुए, जिससे ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिला। जिले में वर्ष 2025-26 के लिए 285 डबरी स्वीकृत हैं, जिनमें 218 कार्य प्रारंभ और 20 पूर्ण हो चुके हैं। यह पहल जल संरक्षण और आय संवर्धन का प्रभावी मॉडल बन रही है।


ग्राफ्टेड बैंगन से किसान ने कमाए 16 लाख रुपए

मुंगेली, 27 फरवरी 2026। पथरिया विकासखंड के ग्राम करही के किसान चिंतामणि बंजारे ने उन्नत तकनीक अपनाकर 10 एकड़ में ग्राफ्टेड बैंगन की खेती से करीब 1100 क्विंटल उत्पादन लिया और लगभग 16 लाख रुपए की आमदनी अर्जित की।

मजबूत जड़ प्रणाली और रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले ग्राफ्टेड बैंगन से उत्पादन अधिक और लागत कम रही। उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन में की गई इस खेती ने उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया और क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए मिसाल कायम की।


पीएमश्री विद्यालयों का औचक निरीक्षण, गुणवत्ता सुधार के निर्देश

मुंगेली, 27 फरवरी 2026। जिले के पीएमश्री विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार के लिए प्रशासन सक्रिय है। एसडीएम ने शासकीय प्राथमिक शाला सोढ़ार और जिला मिशन समन्वयक ने शाला किरना का निरीक्षण कर शिक्षण स्तर, स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय व मध्यान्ह भोजन व्यवस्था की समीक्षा की।

शिक्षकों को नवाचारपूर्ण पद्धति अपनाने और विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। योजना के तहत विद्यालयों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।


ग्राम कोदवामहंत में 10 लीटर महुआ शराब जब्त

मुंगेली, 27 फरवरी 2026। आबकारी विभाग ने ग्राम कोदवामहंत में कार्रवाई करते हुए 10 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम 1915 की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन ने अवैध शराब के विरुद्ध अभियान जारी रखने की बात कही है।


एंटी माइक्रोबियल रेजिस्टेंस व नशा मुक्ति पर छात्रों को जागरूक किया

मुंगेली, 27 फरवरी 2026। जिले के विभिन्न स्कूलों और आईटीआई में एंटी माइक्रोबियल रेजिस्टेंस एवं नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों को एंटीबायोटिक दवाओं का पूरा कोर्स लेने और बिना चिकित्सकीय सलाह दवा न लेने की सलाह दी गई।

साथ ही तंबाकू उत्पादों के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। कोटपा एक्ट 2003 के तहत 53 दुकानों पर कार्रवाई कर कुल 4 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया।


सामाजिक सुरक्षा कैंप में योजनाओं की दी जानकारी

मुंगेली, 27 फरवरी 2026। जिला चिकित्सालय में आयोजित सामाजिक सुरक्षा कैंप में एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई। निःशुल्क बस पास, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, कौशल विकास सहित अन्य योजनाओं से लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य जांच, एआरटी दवा सेवन, पोषण एवं कानूनी सहायता संबंधी जानकारी भी दी गई।


फाइलेरिया उन्मूलन अभियान में 99.76% लक्ष्य हासिल

मुंगेली, 27 फरवरी 2026। राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत जिले में 8 लाख 49 हजार 864 नागरिकों ने दवा का सेवन किया। निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध 99.76 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई।

10 से 27 फरवरी तक चले अभियान में स्वास्थ्य टीमों ने घर-घर पहुंचकर दवा खिलाई। स्वास्थ्य विभाग ने दवा को पूर्णतः सुरक्षित बताते हुए आमजन से सहयोग की अपील की।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *