मुंगेली, 13 जनवरी 2026// मुंगेली जिले में प्रशासनिक स्तर पर विभिन्न विभागों द्वारा कार्रवाई, निरीक्षण और समीक्षा कार्यक्रम आयोजित किए गए। अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण, योजनाओं की समीक्षा और आमजन की समस्याओं के निराकरण को लेकर प्रशासन सक्रिय रहा।
अवैध शराब पर नियंत्रण के तहत आबकारी विभाग पथरिया द्वारा ग्राम कुकुसदा में छापेमार कार्रवाई कर 7.5 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई। इस मामले में आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक प्रकरण दर्ज किया गया।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित 10 मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में नियमों के उल्लंघन पर चार मेडिकल स्टोर्स को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में लाइसेंस निलंबन अथवा निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
जिला कलेक्टोरेट में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) तथा जिला एवं शहरी स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र और राज्य शासन की योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई तथा लंबित कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य के लिए चार स्वास्थ्य केंद्रों को सम्मानित किया गया।

जिला कलेक्टोरेट में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में 120 से अधिक आवेदकों ने पेंशन, आवास, स्वच्छता, विद्युत और कृषि से जुड़ी समस्याओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। अतिरिक्त कलेक्टर द्वारा आवेदनों के नियमानुसार निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

26 जनवरी गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
