मुंगेली, 14 जनवरी 2026// जिले में विभिन्न विभागों द्वारा कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य, शिक्षा और आजीविका से जुड़े क्षेत्रों में समन्वित गतिविधियां संचालित की गईं। प्रशासनिक निर्देशों के तहत प्रवर्तन एवं विकासात्मक कार्यों को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया गया।
अवैध शराब पर नियंत्रण के लिए आबकारी विभाग ने ग्राम छोटे जल्ली में छापेमार कार्रवाई करते हुए 15 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की। इस मामले में आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई। विभाग द्वारा जिले में अवैध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा रही है।
राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम बोधापारा में कोटपा एक्ट के तहत 28 दुकानों में कार्रवाई की गई। जांच के दौरान 14 दुकानों को चेतावनी दी गई, जबकि शेष 14 दुकानों पर कुल 1,400 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई। कार्रवाई कोटपा एक्ट की धारा 4 एवं 6 के प्रावधानों के तहत की गई।
स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 100 से अधिक मरीजों का परीक्षण एवं उपचार किया गया, जिसमें ब्लड प्रेशर, मधुमेह, सर्दी, खांसी, बुखार सहित मौसमी बीमारियों की जांच की गई। गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों की विशेष जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय सलाह प्रदान की गई।
शिक्षा विभाग द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छटन का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में संचालित प्री-बोर्ड एवं प्रायोगिक परीक्षाएं शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से संचालित पाई गईं। परीक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन कर विद्यार्थियों से संवाद किया गया।
विकासखंड पथरिया के ग्राम किरना में कोसा पालन से जुड़े हितग्राहियों के लिए पाँच दिवसीय क्षमता निर्माण प्रशिक्षण प्रारंभ किया गया। प्रशिक्षण में 18 हितग्राही सहभागिता कर रहे हैं, जिन्हें वैज्ञानिक पद्धतियों से कोसा पालन, उत्पादन वृद्धि, बीजागार प्रबंधन एवं रेशम कीट रोग प्रबंधन जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण का समापन 16 जनवरी को होगा।