मुंगेली, 10 मार्च 2026। लोरमी पुलिस ने मेडिकल एजेंसी में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। घटना में एक विधि से संघर्षरत बालक के शामिल होने की भी जानकारी मिली है।
पुलिस के अनुसार वार्ड क्रमांक 13 लोरमी निवासी मुकेश कुमार कश्यप ने थाना लोरमी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 05 मार्च 2026 की सुबह लगभग 09 बजे जब वह नया बस स्टैंड लोरमी स्थित अपनी मेडिकल एजेंसी पहुंचे तो दुकान का ताला टूटा हुआ था। दुकान से RC Kuff कफ सिरप का एक कार्टून, कुल 96 नग, चोरी हो गया था।

मामले में थाना लोरमी में अपराध क्रमांक 97/2026 धारा 305(ए) और 331(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच में दो संदिग्धों की पहचान रिंकु कश्यप और एक विधि से संघर्षरत बालक के रूप में हुई।
पुलिस ने रिंकु कश्यप निवासी कंकालीन पारा, वार्ड क्रमांक 04 लोरमी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने बालक के साथ मिलकर मेडिकल एजेंसी से कफ सिरप चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी गए 96 नग कफ सिरप बरामद किए गए।
पुलिस ने रिंकु कश्यप को 09 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। घटना में शामिल विधि से संघर्षरत बालक के संबंध में किशोर न्याय बोर्ड की प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी रिंकु कश्यप थाना लोरमी क्षेत्र का गैंग हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस ने लोगों से अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल देने और अधिक से अधिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की है।