मुंगेली, 11 अक्टूबर 2025 — मध्याह्न भोजन रसोइया संघ जिला मुंगेली (छ.ग.) से संबद्ध भारतीय मजदूर संघ का त्रैवार्षिक अधिवेशन आगामी 12 अक्टूबर 2025, रविवार को आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम मंडी परिसर मुंगेली में रखा गया है, जिसमें जिलेभर की सभी रसोइया दीदी एवं भाई बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

इस अधिवेशन के मुख्य अतिथि भारतीय मजदूर संघ छत्तीसगढ़ प्रदेश महामंत्री श्री दिलेश पांडेय होंगे, वहीं अखिल भारतीय मीड डे भोजन महासंघ नई दिल्ली उपाध्यक्ष प्रतीला देवांगन, विभाग प्रमुख शंकरलाल सिंह बनाफर, और प्रदेश मंत्री श्रीमती उषा साहू विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी।
इस अवसर पर जिला मंत्री रवीकांत सिंह ठाकुर ने बताया कि अधिवेशन में रसोइया दीदी-भाइयों की समस्याओं, मांगों एवं अधिकारों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम की तैयारी जोर-शोर से चल रही है और जिलेभर की रसोइया संघ की इकाइयों को अधिवेशन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया गया है।
मुख्य प्रस्ताव इस प्रकार रखे जाएंगे:
1. मध्याह्न भोजन रसोइया का मानदेय ₹10,000 प्रति माह किया जाए।
2. रसोइयों को 10 माह के बजाय पूरे 12 माह का वेतन दिया जाए।
3. रसोइयों को सामाजिक सुरक्षा के तहत बीमा सुविधा दी जाए।
4. रसोइयों को कार्यकाल के दौरान दुर्घटना या मृत्यु की स्थिति में ₹10 लाख की सहायता राशि प्रदान की जाए।
5. रसोइयों के मानदेय का भुगतान प्रत्येक माह की 5 तारीख तक सुनिश्चित किया जाए।
इस अधिवेशन को सफल बनाने के लिए जिला अध्यक्ष राजकुमार कुर्रे, कार्याध्यक्ष राजेन्द्र मांडले, तथा अन्य पदाधिकारी — शिवकुमार दिवाकर, हितेलाल नंद, अमरिका — तैयारी में जुटे हुए हैं।