बलरामपुर-रामानुजगंज (तातापानी):
जिले के तातापानी चौकी क्षेत्र अंतर्गत एक मोबाइल दुकान में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर बाल सुधार गृह भेज दिया है। आरोपियों के पास से लगभग ₹92,000 मूल्य का चोरी गया सामान बरामद किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम धनगांव निवासी अजय मंडल ने 7 जुलाई 2025 को तातापानी चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी मोबाइल दुकान में 6 जुलाई की रात अज्ञात चोरों ने पीछे के रोशनदान से भीतर घुसकर करीब 8 मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर लिया। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत ₹90,000 थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना रामानुजगंज एवं चौकी तातापानी की टीम ने तत्काल अपराध क्रमांक 105/2025 धारा 305(क), 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की। जांच के दौरान दो नाबालिगों को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 8 मोबाइल फोन (कीमत ₹86,000), 3 स्पीकर (कीमत ₹700), ईयरफोन (₹900) एवं अन्य सामग्री मिलाकर कुल ₹92,000 का मशरूका बरामद किया है। दोनों अपचारी बालकों को न्यायालय में पेश कर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में तातापानी चौकी प्रभारी एवं रामानुजगंज थाना टीम की भूमिका सराहनीय रही।