मुंगेली, 26 दिसम्बर 2025।
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने लोरमी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में गंदगी और एनआरसी में गलत पंजीयन पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के समय कलेक्टर ने आपातकालीन कक्ष का अवलोकन किया और उपचार के लिए आए मरीजों से सीधे संवाद कर सुविधाओं, उपचार व्यवस्था और स्टाफ की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने रेफरल प्रकरणों, मरीजों की संख्या और सेवाओं की गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए साफ-सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

गंदगी पर नोटिस, निलंबन की चेतावनी
अस्पताल परिसर में गंदगी पाए जाने पर मेडिकल ऑफिसर डॉ. जितेंद्र पैकरा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में दोबारा ऐसी स्थिति मिलने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर ने मरीजों से संबंधित विभिन्न पंजीयों का निरीक्षण कर अद्यतन प्रविष्टियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सिजेरियन प्रसव से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने जच्चा-बच्चा कक्ष, लेबर रूम तथा एनबीएसयू (नवजात शिशु स्थिरीकरण इकाई) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि एनबीएसयू और एसएनएसयू में भर्ती बच्चों को अनावश्यक रूप से रेफर न किया जाए और यथासंभव उपचार सीएचसी स्तर पर ही उपलब्ध कराया जाए।
एनआरसी में गलत पंजीयन पर सख्ती
कलेक्टर ने पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि केवल कुपोषित और गंभीर कुपोषित बच्चों का ही एनआरसी में पंजीयन किया जाए। उन्होंने बच्चों के लिए पौष्टिक भोजन, स्वच्छता और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया तथा मेनू चार्ट के अनुसार नियमित भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बच्चों का गलत वजन दर्ज किए जाने और एनआरसी में गलत पंजीयन पाए जाने पर बीएमओ को कड़ी फटकार लगाई गई। साथ ही संधारित पंजीयों में बच्चों की संख्या कम पाए जाने और कार्यप्रणाली में लापरवाही पर बीपीएम शैलेन्द्र को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा एनआरसी में गलत प्रविष्टियों की जांच कर बीएमओ, बीपीएम और सीडीपीओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।