लोरमी को मिला 5 करोड़ से अधिक का विकास पैकेज

समाचार:
मुंगेली, 26 सितम्बर 2025// छत्तीसगढ़ रजत जयंती वर्ष पर ‘‘आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान, शहर समागम’’ एवं ‘स्वच्छता संवाद’ कार्यक्रम के तहत लोरमी नगर को बड़ी सौगात मिली। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नगर पालिका परिषद क्षेत्र के कबीर भवन में अतिरिक्त सुविधाओं के विस्तार कार्य का लोकार्पण किया और जनता को समर्पित किया।



इसके साथ ही उन्होंने 5.23 करोड़ रुपये की लागत से तीन नई परियोजनाओं का भूमिपूजन किया। इनमें नगर उद्यान निर्माण कार्य, बाबाधाम मुक्तिधाम सौंदर्यीकरण और ब्राह्मणपारा मुक्तिधाम सौंदर्यीकरण कार्य शामिल हैं। इन विकास कार्यों से नगर की सुंदरता बढ़ेगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि लोरमी का व्यवस्थित और समग्र विकास करना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि बीते 20 महीनों में करोड़ों रुपये के विकास कार्य पूरे किए गए हैं और आने वाले समय में भी नई परियोजनाएं धरातल पर उतरेंगी।



उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार गांव और शहर के संतुलित विकास पर जोर दे रही है। लोरमी को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने और स्वच्छ, सुंदर शहर का स्वरूप देने के लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर प्रबुद्धजनों और नागरिकों ने भी आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में स्थानीय सहभागिता की आवश्यकता पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि समाज के हर वर्ग को अपनी भूमिका निभाते हुए विकास और स्वच्छता के प्रयासों को गति देना होगा। नगरवासियों ने सामूहिक संकल्प लिया कि वे लोरमी को स्वच्छ और सुंदर बनाएंगे।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक भूपेंद्र सिंह ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष सुजीत वर्मा, जनपद अध्यक्ष वर्षा सिंह, गुरमीत सलूजा सहित बड़ी संख्या में पार्षदगण, अधिकारी, गणमान्य नागरिक और आमजन मौजूद रहे।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *