मुंगेली, 27 मार्च 2026। पथरिया विकासखंड के ग्राम पंचायत लौदा में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई और आवेदन प्राप्त किए गए।
शिविर में मांग एवं शिकायत से संबंधित 460 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 75 से अधिक आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष आवेदनों का नियमानुसार निराकरण किया जा रहा है। इस दौरान 6 माह के बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया गया।

कार्यक्रम में विधायक पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि राज्य सरकार गांव, गरीब और आमजनों के सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने लोगों से बिजली और पानी के दुरुपयोग से बचने की अपील की और योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जल संरक्षण और शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि जिले की 177 ग्राम पंचायतों में पेयजल समस्या के समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार की गई है। शिविर के दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय ने कहा कि शिविर का उद्देश्य आमजनों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना है और सभी आवेदनों का निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। कार्यक्रम में स्काउट-गाइड के छात्रों द्वारा प्याऊ घर का शुभारंभ किया गया।
शिविर में विभिन्न हितग्राहियों को सामग्री वितरित की गई, जिसमें शाकंभरी योजना के तहत विद्युत पम्प, समाज कल्याण विभाग द्वारा श्रवण यंत्र व बैशाखी, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को चेक, मछली पालन विभाग द्वारा जाल और आइस बॉक्स तथा दिव्यांग स्कूली बच्चों को श्रवण यंत्र प्रदान किए गए।