रायपुर, 15 जनवरी 2026। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की बालिका कृतिका निषाद के इलाज के लिए छत्तीसगढ़ सरकार की मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत 16 लाख 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।
गंभीर बीमारी से पीड़ित कृतिका का उपचार फोर्टिस अस्पताल, गुरुग्राम में किया जा रहा है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के बाद यह सहायता प्रदान की गई, जिससे इलाज संभव हो सका।

राज्य सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत गंभीर और दुर्लभ बीमारियों के इलाज के लिए अधिकतम 25 लाख रुपये तक की सहायता का प्रावधान है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस योजना के माध्यम से कैंसर, हृदय रोग, लिवर और किडनी ट्रांसप्लांट जैसे जटिल उपचार कराए जा सकते हैं।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा है कि आर्थिक कारणों से किसी भी नागरिक को इलाज से वंचित नहीं रहना चाहिए।