सारंगढ़-बिलाईगढ़, 13 अगस्त 2025। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कृषि अधिकारियों, एएसडीओ, सहायक कृषि विस्तार अधिकारियों एवं कृषि सहकारी समिति प्रबंधकों की बैठक लेकर कृषि कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि एग्रिस्टेक पोर्टल में पंजीयन से वंचित शेष 10 हजार किसानों का समितिवार एवं क्षेत्रवार आंकलन कर 10 दिनों के भीतर पंजीयन पूरा कराया जाए। जो किसान गांव में उपस्थित नहीं हैं, उनके पंजीयन हेतु आधार लिंक मोबाइल नंबर पर ओटीपी के माध्यम से प्रक्रिया पूरी करने को कहा, ताकि कोई भी किसान आगामी सीजन में धान बिक्री से वंचित न हो।
कलेक्टर ने समिति प्रबंधकों से पंजीयन के दौरान आ रही समस्याओं का फीडबैक लेकर समाधान करने हेतु उप संचालक कृषि को निर्देश दिए। उन्होंने बड़े किसानों को धान के स्थान पर अन्य फसल उत्पादन हेतु प्रोत्साहित करने और जैविक खेती को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए।
15 अगस्त से 30 सितंबर तक डिजिटल फसल सर्वेक्षण
कलेक्टर ने बताया कि डिजिटल फसल सर्वेक्षण 15 अगस्त से 30 सितंबर तक चलेगा। इसके लिए एसडीएम और तहसीलदारों को पटवारी, कोटवार और सर्वेयर के माध्यम से खेतों में जाकर गंभीरता से सर्वेक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि फसलों की वास्तविक स्थिति का आंकलन हो सके।
खाद-बीज की कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई
कलेक्टर ने खाद-बीज की मांग, भंडारण और वितरण की समीक्षा कर निर्देश दिए कि जहां सोसाइटी में यूरिया की कमी है, वहां मांग पर 3-4 रैक भेजे जाएंगे। उन्होंने एसडीएम और कृषि अधिकारियों को प्राइवेट दुकानों पर छापामार कार्रवाई करने, स्टॉक एंट्री की जांच, गुणवत्ता परीक्षण और अधिक दाम पर बिक्री की स्थिति में कठोर कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में अपर कलेक्टर प्रकाश सर्वे, एसडीएम वर्षा बंसल, अनिकेत साहू और उप संचालक कृषि आशुतोष श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
