मुंगेली, 28 फरवरी 2026।
कृषि उन्नति योजना अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को आदान सहायता राशि वितरण के लिए जिले में विकासखंड स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए गए। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में मुंगेली के कृषि उपज मंडी परिसर, लोरमी के मानस मंच और पथरिया के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय में समारोह सम्पन्न हुआ।
मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड के ग्राम रहंगी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशभर के किसानों के खातों में 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान की अंतर राशि का एकमुश्त अंतरण किया। जिले में इस योजना के तहत 1 लाख 5 हजार 700 से अधिक किसानों के बैंक खातों में कुल 387 करोड़ 57 लाख रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जाएगी। कार्यक्रम स्थलों पर बड़ी संख्या में किसानों की उपस्थिति रही और सहायता राशि को लेकर उत्साह का माहौल नजर आया।

मुंगेली में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले उपस्थित रहे। उनके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री रामकमल सिंह परिहार, जिलाध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री जय प्रकाश मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य रजनी मानिक सोनवानी, वरिष्ठ नागरिक शैलेष पाठक सहित अपर कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पांडेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पांडेय, अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, एसडीएम श्री अजय शतरंज तथा कृषि विभाग की श्रीमती वीना ठाकुर समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
किसानों के चेहरों पर दिखी खुशहाली
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री मोहले ने कहा कि सहायता राशि सीधे किसानों के खातों में पहुंचने से उनके चेहरों पर स्पष्ट खुशी दिखाई दे रही है। उन्होंने किसानों को बधाई देते हुए होली पर्व की शुभकामनाएं दीं और कहा कि ब्याजमुक्त ऋण सुविधा से किसानों को अतिरिक्त आर्थिक राहत मिलती है। उन्होंने धान के साथ दलहन और तिलहन की खेती अपनाने पर जोर देते हुए आय विविधीकरण की आवश्यकता बताई। साथ ही किसान समृद्धि योजना के तहत प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की सहायता राशि की जानकारी देते हुए अधिकाधिक लाभ लेने का आह्वान किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय ने कहा कि सरकार किसानों के हित में निरंतर कार्य कर रही है और सभी योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। अपर कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पांडेय तिवारी ने किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की शासन की मंशा दोहराते हुए प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पांडेय ने बताया कि जिले में धान खरीदी व्यवस्था सुचारू रूप से सम्पन्न हुई, जो प्रशासन और किसानों के समन्वय का परिणाम है। उन्होंने कहा कि 387 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का अंतरण जिले के लिए गर्व का विषय है और इससे होली का पर्व किसानों के लिए और अधिक आनंदमय होगा।
कार्यक्रम के अंत में चयनित किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन में उत्साहपूर्ण वातावरण रहा और किसानों ने शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
