बलरामपुर, 06 अगस्त 2025/
जिले में हर साल वज्रपात (आकाशीय बिजली) के कारण होने वाली जनहानि को रोकने और लोगों में सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा ने संयुक्त जिला कार्यालय परिसर से वज्रपात सुरक्षा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह सुरक्षा रथ राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (भारत सरकार) द्वारा तैयार किया गया है और इसका मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को वज्रपात से सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियों से अवगत कराना है। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री आर.एस. लाल भी उपस्थित रहे।
⚡ क्यों जरूरी है यह पहल?
हर वर्ष कई लोगों की आकस्मिक मृत्यु वज्रपात के कारण होती है। विशेष रूप से ग्रामीण इलाकों और खुले क्षेत्रों में बिजली गिरने की घटनाएं अधिक होती हैं। ऐसे में इस जागरूकता रथ के माध्यम से यह बताया जाएगा कि बिजली कड़कने या गिरने के समय किन-किन बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
🔔 नागरिकों को दी गईं अहम हिदायतें:
आकाशीय बिजली की गरज सुनाई दे तो तुरंत सुरक्षित स्थान पर जाएं।
घर में रहें, विद्युत उपकरणों का उपयोग न करें।
पेड़ के नीचे खड़े होने से बचें, बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें।
वाहन में होने पर बाहर न निकलें।
नदी, तालाब या जलाशय के आसपास न रहें।
मवेशियों को भी सुरक्षित स्थानों पर ले जाएं।
खुले में हों तो जमीन से ऐड़ियां ऊपर कर उकड़ू बैठें और कान बंद रखें।
📱 अलर्ट के लिए करें “दामिनी” और “सचेत” मोबाइल ऐप्स का उपयोग:
कलेक्टर श्री कटारा ने नागरिकों से अपील की है कि वे “दामिनी” और “सचेत” मोबाइल ऐप्स का उपयोग करें। ये ऐप्स आकाशीय बिजली की चेतावनी और लोकेशन के आधार पर अलर्ट देने का काम करती हैं। इसके अतिरिक्त, आपात स्थिति में तुरंत मदद के लिए 112 नंबर पर कॉल करने की सलाह भी दी गई।
वज्रपात सुरक्षा रथ जिले के उन क्षेत्रों में जाएगा जहां इस प्रकार की घटनाएं अधिक होती हैं, और वहां के लोगों को प्रत्यक्ष रूप से जानकारी व सुझाव देगा।
यह पहल जिले में आपदा प्रबंधन को मजबूत बनाने और आमजन की सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
