मुंगेली, 07 जनवरी 2026// जिले में धान खरीदी व्यवस्था की पारदर्शिता और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर कुन्दन कुमार ने पथरिया विकासखंड के धान खरीदी केंद्र सरगांव, सांवतपुर और धूमा का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने समिति प्रबंधकों और संबंधित अधिकारियों से धान खरीदी की प्रगति, किसानों को दी जा रही सुविधाएं, अब तक हुई खरीदी, खरीदी की मात्रा, रकबा समर्पण और टोकन व्यवस्था की जानकारी ली। साथ ही समितियों की सतत निगरानी के निर्देश दिए।
धान खरीदी केंद्र सरगांव में धान का समुचित स्टेकिंग नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। खराब व्यवस्था को लेकर समिति प्रबंधक धनुष राम साहू को फटकार लगाते हुए नोटिस जारी करने और केंद्र का भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने अव्यवस्था को गंभीर लापरवाही मानते हुए सहकारिता निरीक्षक और फूड इंस्पेक्टर को नोटिस जारी करने एवं वेतन रोकने के निर्देश दिए। इसके साथ ही एसएडीओ कोसले की लापरवाही पर भी वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने तौल और वजन व्यवस्था का अवलोकन किया तथा मौके पर उपस्थित किसानों से धान विक्रय, टोकन और भुगतान से संबंधित जानकारी ली। खरीदी केंद्र सांवतपुर में बताया गया कि 650 पंजीकृत किसानों में से 400 से अधिक किसानों द्वारा धान विक्रय किया जा चुका है और 43 हेक्टेयर से अधिक रकबे का समर्पण हुआ है।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि धान की रीसाइक्लिंग किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए और केवल किसानों की वास्तविक उपज का ही क्रय किया जाए। खरीदी केंद्र धूमा में सभी किसानों का अनिवार्य भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अंत में कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को मिलों की सतत निगरानी के निर्देश दिए, ताकि धान की रीसाइक्लिंग पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। निरीक्षण के दौरान पथरिया एसडीएम रेखा चंद्रा, जिला खाद्य अधिकारी हुलेश कुमार डड़सेना, जिला विपणन अधिकारी मनोज यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।