मुंगेली (छत्तीसगढ़), 04 दिसंबर 2025।
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने आज पथरिया विकासखंड स्थित शासकीय हाई स्कूल सिलतरा का निरीक्षण कर शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की प्रगति और विद्यालय की व्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया। उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर छात्रों से सीधे बातचीत की और उनके अध्ययन, पाठ्यक्रम समझ और उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति जानी

निरीक्षण के दौरान कक्षा 10वीं की छात्रा लक्ष्मी ने आत्मविश्वास के साथ अपना परिचय दिया और पढ़ाई की प्रगति बताई, जिसकी कलेक्टर ने प्रशंसा की। उन्होंने ‘मिशन 90 प्लस’ के तहत विद्यार्थियों की जागरूकता परखते हुए सभी को अधिक मेहनत कर बेहतर परिणाम लाने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर ने छात्रों को जीवन में बड़ा लक्ष्य निर्धारित कर लगातार प्रयास करने की सलाह दी। उन्होंने मोबाइल, सोशल मीडिया और अनावश्यक रीलों से दूरी बनाकर पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने को कहा। कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों से भी उन्होंने पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी की जानकारी ली एवं बेहतर प्रदर्शन करने वालों की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय परिसर में स्वच्छता, अनुशासन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पढ़ाई ही बेहतर भविष्य का सबसे बड़ा अवसर है और विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम पथरिया रेखा चंद्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।