मुंगेली, 13 फरवरी 2026। कलेक्टर ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर राजस्व प्रकरणों के त्वरित एवं समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य सचिव की मंशा के अनुरूप राजस्व संबंधी प्रकरणों का सुगम, पारदर्शी और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में निर्देश दिए गए कि कोई भी प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित न रहे। रिकॉर्ड दुरुस्ती, अविवादित खाता विभाजन, सीमांकन और नक्शा बटांकन की कार्यवाही निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने को कहा गया। वर्षा ऋतु से पहले लंबित प्रकरणों के निराकरण पर भी बल दिया गया।

कलेक्टर ने कहा कि राजस्व संबंधी बिंदुओं की साप्ताहिक समीक्षा की जाएगी और प्रगति के आधार पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। तहसीलदार, आरआई और पटवारियों से चर्चा कर उन्हें बेहतर कार्य करने तथा प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के लिए प्रेरित किया गया।
बैठक में पटवारी और राजस्व निरीक्षकों के बीच उत्पन्न गतिरोध पर भी चर्चा हुई। तहसीलदार ने बताया कि आपसी संवाद और समन्वय से समस्या का समाधान कर लिया गया है तथा सभी राजस्व निरीक्षक और पटवारी अपने कार्य पर लौट आए हैं।

कलेक्टर ने राजस्व कार्यों में सक्रिय भागीदारी, जनसहयोग की भावना से कार्य करने और नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता से समाधान करने पर जोर दिया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले पटवारियों और राजस्व निरीक्षकों को सम्मानित करने की बात भी कही गई।
इस दौरान अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव सहित राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।