मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान: मिशन 90 प्लस के लिए जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील
मुंगेली, 06 अगस्त 2025 //
जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने तथा बोर्ड परीक्षाओं में उल्लेखनीय सुधार लाने की दिशा में “मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान” के अंतर्गत “मिशन 90 प्लस परीक्षा परिणाम उन्नयन कार्यक्रम” संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत कक्षा 10वीं और 12वीं के ऐसे शासकीय हाई और हायर सेकेंडरी स्कूल चिन्हांकित किए गए हैं, जिनके परीक्षा परिणाम 24 से 79 प्रतिशत के बीच रहे हैं।
इन विद्यालयों में छात्रों को बेहतर शैक्षणिक संसाधन, मार्गदर्शन और निगरानी उपलब्ध कराने हेतु कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिले के प्रमुख जनप्रतिनिधियों को पत्र लिखकर सहयोग की अपील की है। उन्होंने केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव, मुंगेली विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले और बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक से अनुरोध किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में किसी एक सरकारी विद्यालय को चयनित कर उसे शैक्षणिक सहयोग दें।
कलेक्टर ने जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा की है कि उनके मार्गदर्शन व सहयोग से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त होगी और भविष्य की बोर्ड परीक्षाओं में परिणाम 90 प्रतिशत से अधिक तक पहुंचाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य सिर्फ परीक्षा परिणाम सुधारना नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था को समग्र रूप से मजबूत करना है।
सामूहिक भागीदारी का लक्ष्य
जिला प्रशासन इस अभियान के जरिए जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, पालकों और समुदाय के सहयोग से शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊंचाई तक ले जाना चाहता है। “मिशन 90 प्लस” सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक जन-आंदोलन के रूप में संचालित किया जा रहा है, जिसमें हर वर्ग की भूमिका अहम मानी जा रही है।
