मुंगेली, 11 मार्च 2026। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में गैस एजेंसी और पेट्रोल पंप संचालकों की बैठक लेकर रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता तथा आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की।
बैठक में कलेक्टर ने गैस एजेंसी संचालकों से गैस सिलेंडर की सप्लाई और रिफिलिंग की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं से निर्धारित दर से अधिक राशि न ली जाए और गैस सिलेंडर का विक्रय तय मूल्य पर ही किया जाए। ओवरप्राइसिंग करते हुए पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई। साथ ही गैस एजेंसियों में फायर सेफ्टी मानकों की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों में लगे सीसीटीवी कैमरों के सुचारू रूप से कार्य करने की नियमित जांच करने को भी कहा। उन्होंने वनांचल क्षेत्रों में गैस सिलेंडर की आपूर्ति और रिफिलिंग की जानकारी लेते हुए प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के हितग्राहियों को किसी भी प्रकार की समस्या न होने देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बुकिंग के कारण किसी प्रकार की घबराहट या कानून-व्यवस्था की स्थिति निर्मित न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। पेट्रोल पंप संचालकों से पेट्रोल और डीजल के स्टॉक तथा सप्लाई की जानकारी लेकर पर्याप्त मात्रा में स्टॉक बनाए रखने और आवश्यकता अनुसार बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने कहा कि पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों में किसी भी स्थिति में स्टॉक की कमी नहीं होनी चाहिए। आम नागरिकों से अपील की गई कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों या अफवाहों पर ध्यान न दें। जिले में गैस, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और जिला प्रशासन आपूर्ति व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रहा है।
बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर, मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज तथा जिले के सभी गैस एजेंसी और पेट्रोल पंप संचालक उपस्थित रहे।