मुंगेली, 13 नवम्बर 2025। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग ने पथरिया विकासखण्ड के ग्राम बदरा निवासी दृष्टिबाधित दिव्यांग छात्र गगन कुर्रे को निःशुल्क लैपटॉप प्रदान किया। लैपटॉप मिलने पर गगन के चेहरे पर खुशी झलक उठी और उन्होंने बताया कि इससे अब उनकी पढ़ाई और भी सुगम हो जाएगी।

कलेक्टर ने कहा कि शासन की मंशा है कि कोई भी दिव्यांग विद्यार्थी शिक्षा से वंचित न रहे। प्रशासन द्वारा दिव्यांग विद्यार्थियों को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।
समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक नदीम काज़ी ने बताया कि गगन कुर्रे जन्म से दृष्टिबाधित हैं, लेकिन उन्होंने अपनी दिव्यांगता को कभी अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया। निरंतर परिश्रम और लगन से उन्होंने वर्ष 2025 में कक्षा 12वीं की परीक्षा में 76 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं, जिससे उन्होंने अपने परिवार और जिले का नाम रोशन किया है।
आगे की पढ़ाई के लिए गगन ने जनदर्शन में पहुंचकर कलेक्टर से लैपटॉप की मांग की थी। उनकी अध्ययन के प्रति समर्पण भावना को देखते हुए कलेक्टर ने तुरंत समाज कल्याण विभाग को लैपटॉप उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही विभाग ने तत्परता दिखाते हुए आज उन्हें लैपटॉप वितरित किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ लिपिक लुकेश कुमार वर्मा, कंप्यूटर ऑपरेटर आनंद कुमार सोनी सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।